एमएलसी उपचुनाव को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, डीएम साहिला ने कसी तैयारी की कमान

बिहार विधान परिषद के भोजपुर सह बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन 2026 को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।

एमएलसी उपचुनाव को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, डीएम साहिला ने कसी तैयारी की कमान

__ 16 अप्रैल से चुनावी प्रक्रिया शुरू, 12 मई को मतदान और 14 मई को मतगणना; शराब, कैश व तस्करी पर सख्त निगरानी के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार विधान परिषद के भोजपुर सह बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन 2026 को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप हर स्तर पर समयबद्ध और सख्त तैयारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक मशीनरी को पूरी सतर्कता के साथ चुनावी दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया।

उप निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना 16 अप्रैल को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित है, जबकि 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 27 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 12 मई को कराया जाएगा, जबकि मतों की गिनती 14 मई को होगी।डीएम ने कहा कि भोजपुर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान दलों का गठन जल्द पूरा किया जाए। सभी मतदान केंद्रों पर एक-एक माइक्रो प्रेक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदान प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जा सके और किसी भी गड़बड़ी की आशंका समाप्त हो।

कार्मिक कोषांग को निर्देश दिया गया कि सभी मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का विस्तृत कार्यक्रम तुरंत तैयार किया जाए। जिला निर्वाचन शाखा से अद्यतन दिशा-निर्देश प्राप्त कर प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने और निर्धारित तिथियों पर चरणबद्ध प्रशिक्षण कराने को कहा गया। डीएम ने कहा कि प्रशिक्षित कर्मी ही निष्पक्ष चुनाव की मजबूत कड़ी होते हैं।वाहनों की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। अधिकारियों को मतदान दलों, सुरक्षा बलों तथा चुनावी सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए आवश्यक वाहनों का आकलन कर तत्काल अधियाचनाएं तैयार करने का निर्देश दिया गया।चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने मीडिया के माध्यम से आम जनता और राजनीतिक दलों तक इसकी जानकारी पहुंचाने को कहा।

साथ ही निर्वाचन से जुड़ी सभी सूचनाएं समय पर प्रेस और अन्य संचार माध्यमों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय से समन्वय स्थापित कर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की भी बात कही गई।मतदान के दिन और उससे एक दिन पूर्व 24X7 नियंत्रण कक्ष संचालित करने का आदेश दिया गया है, ताकि किसी भी शिकायत, सूचना या आपात स्थिति पर त्वरित कार्रवाई हो सके। अधिकारियों को कहा गया कि कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहे और हर सूचना का तत्काल संज्ञान लिया जाए।

डीएम साहिला ने चुनाव की घोषणा के साथ ही शराब, नगद राशि और प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी रोकने के लिए जिलेभर में वाहनों की सघन जांच का निर्देश दिया। प्रत्येक जांच की वीडियोग्राफी कराने को कहा गया है, ताकि कार्रवाई पारदर्शी और प्रमाणिक रहे।उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कहीं से भी किसी प्रकार की शिकायत या सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि उप निर्वाचन पूरी निष्पक्षता, सुरक्षा और विश्वास के माहौल में संपन्न कराया जाए। बक्सर प्रशासन की सक्रियता से साफ है कि चुनावी मैदान में अब हर कदम पर कड़ी निगरानी रहेगी।