नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के तहत हर घर पहुंचने लगी, लोगों से संपर्क कर रही सत्यापन

नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के तहत हर घर पहुंचने लगी, लोगों से संपर्क कर रही सत्यापन

शहर में नो योर पीपुल्स, नो योर पुलिस अभियान की शुरुआत 

सेक्टर और बीट में तैनात अफसर एवं जवान अपने अपने इलाके में कर रहे लोगों का सत्यापन

किराएदार और दुकानदारों के बारे में भी ली जा रही डिटेल्स जानकारी 

केटी न्यूज/ आरा 

शहर में नागरिक केन्द्रित पुलिसिंग" के तहत नो योर पीपुल्स, नो योर पुलिस (पब्लिक को जानें, पुलिस को जानें) अभियान की शुरुआत की गयी है। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने बीट क्षेत्र में पब्लिक से संपर्क करने में जुट गए। उस दौरान पुलिस घरों और दुकानों के सभी लोगों से परिचय प्राप्त करने के साथ उनसे विभिन्न जानकारियां भी ले रही है। घरों में रहने वाले लोगों के साथ दुकानदारों और किराएदारों के बारे में भी डिटेल्स जानकारी हासिल की जा रही है।

उस क्रम में पुलिस लोगों से कानून-व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों, उनके यहां रहने वाले छात्रों, किराएदारों, मुहल्ले में डर या भय का माहौल पैदा करने वाले और धमकी देने वाले लोगों के बारे में जानकारी ले रही है। आमलोगों को पुलिस प्रशासन की ओर से अपराध नियंत्रण को लेकर पूर्व से शुरू किये गये डायल 112 सहित अन्य कार्यों की जानकारी भी दी जा रही है। माना जा रहा है कि पब्लिक से मिली शिकायतों के आधार पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इसके लिए वार्ड के आधार पर बीट और सेक्टर बनाये गये हैं।

सभी सेक्टर और बीट में पुलिस पदाधिकारी और जवान प्रतिनियुक्त किये गये हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण और कम्यूनिटी पुलिसिंग को मजबूत करना है। एसपी ने बताया कि इस अभियान के जरिए पुलिस आमलोगों के बीच जा रही है। उनकी परेशानियां से अवगत हो रही है। लोगों और दुकानदारों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से पुलिस और पब्लिक को एक-दूसरे को जानने का बेहतर मौका मिलेगा। आमलोगों के जुड़ने से अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर समन्वय भी बनेगा। 

सीसीटीएनएस की एसपी ने की समीक्षा 

आरा। पुलिस ऑफिस सभागार में शुक्रवार को एसपी प्रमोद कुमार यादव की अध्यक्षता में सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा की गयी। उस दौरान एसपी द्वारा एफआईआर और डायरी आदि की इंट्री की विस्तार से जानकारी ली। सीसीटीएनएस कर्मियों से आने वाली समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।

उसे दूर करने का आश्वासन दिया और सभी कर्मियों को सारी प्रविष्टियों को अपडेट रखने का निर्देश दिया। सीसीटीएनएस के बेहतर ढंग से काम करने के लिए एसपी की ओर से कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और सीसीटीएनएस ऑपरेटर शामिल थे। 

पुरानी दो मिनी बस और छह बाइक की नीलामी 

आरा। पुलिस केंद्र में एसपी प्रमोद कुमार यादव की उपस्थिति में शुक्रवार को नियम अनुसार रद्द किए गए वाहनों की नीलामी की गयी। उस दौरान दो मिनी सिटी राइड बस और छह बाइक की नीलामी की गयी। एसपी ने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि पुराने और  खराब स्थिति में पड़े हुए वाहनों का जल्द नियमानुसार रद्दीकृत करते हुए नीलामी की जाये। उससे प्राप्त राजस्व को जमा करते हुए नए वाहन की प्राप्त की जा सके। इससे पुराने खराब हो रहे वाहनों के नीलामी से पुलिस केंद्र और पुलिस थानों में जगह भी खाली होगी और नए वाहन प्राप्त करने में आसानी होगी।