फायरिंग के बीच अपराधी और पुलिस की करीब ढाई किलोमीटर तक चलती रही खदेड़ा-खदेड़ी चरपोखरी मुठभेड़:

फायरिंग के बीच अपराधी और पुलिस की करीब ढाई किलोमीटर तक चलती रही खदेड़ा-खदेड़ी   चरपोखरी मुठभेड़:

कथराई रेलवे अंडरपास और सियाडीह गांव के बधार में देर तक होती रही ठांय-ठांय, मची रही अफरातफरी 

मुठभेड़ के दौरान अपराधी द्वारा दस, तो पुलिस की ओर से चलाई गई आठ राउंड गोलियां 

गोली खत्म होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए अपराधी की ओर से की गयी रोड़ेबाजी 

जख्मी होने के बाद पुलिस की पकड़ में आ सका अपराध कर्मी, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास 

केटी न्यूज/आरा

जगदीशपुर इलाके में लूटपाट कर भाग रहे अपराधियों की चरपोखरी में पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गयी। शुक्रवार की सुबह तकरीबन नौ बजे अपराध कर्मी चरपोखरी पुलिस की घेराबंदी में फंस गए। तब फायरिंग के बीच करीब ढ़ाई किलोमीटर तक खदेड़ा खदेड़ी चलती रही। कथराई स्थित रेलवे अंडरपास से सियाडीह गांव के बधार में काफी देर तक ठांय-ठांय होती रही।

रोड़ेबाजी भी की गयी, लेकिन अंततः एक अपराध कर्मी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इधर, अचानक फायरिंग और पुलिस कर्मियों की भाग-दौड़ देख आसपास के गांव के लोगों में अफरातफरी मच गयी। लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए। बाद में मुठभेड़ की खबर मिली, तो लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे चरपोखरी पुलिस को सूचना मिली कि जगदीशपुर के तेंदुनी के पास लूट में शामिल अपराध कर्मी कथराई अंडरपास के पास घूम रहे हैं।

उस पर तत्काल चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कथराई पहुंची। पुलिस टीम को देख अपराधी फायरिंग करते भागने लगे। सूचना मिलने पर एसडीपीओ राहुल सिंह भी दलबल के साथ पहुंचे और अपराधियों का पीछा शुरू किया गया। उस दौरान अपराधियों की ओर लगातार फायरिंग की जा रही थी। उसे देखते हुए पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जाने लगी।

इस बीच खदेड़ा-खदेड़ी चलती रही। बताया जा रहा है कि सियाडीह के बधार अपराधी की गोली खत्म हो गयी। उसके बाद अपराधियों की ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाया जाने लगा। उसमें एक जवान को गंभीर चोटें भी आयी। पुलिस की ओर से भी ईंट चलाये गये, उसमें एक अपराध कर्मी चोटिल गया। उसके बाद उसे पकड़ लिया गया। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि

अपराधी की ओर से पुलिस पर दस राउंड फायरिंग की गयी। उसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से भी आठ राउंड फायरिंग की गयी। उन्होंने बताया कि गोली खत्म होने के बाद अपराध कर्मी द्वारा हथियार फेंक दिया गया था। हालांकि पुलिस कर्मियों द्वारा काफी खोजबीन के बाद फायरिंग और लूट में इस्तेमाल देसी कट्टा बरामद कर लिया गया। खोखे की बरामदगी के लिए खोजबीन की जा रही है।