पोते से विवाद के बाद बुजुर्ग पर हमला, छह लोगों पर केस दर्ज

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव में एक बुजुर्ग के साथ कथित मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल हुए बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पोते से विवाद के बाद बुजुर्ग पर हमला, छह लोगों पर केस दर्ज

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव में एक बुजुर्ग के साथ कथित मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल हुए बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दिए गए आवेदन में लेवाड़ गांव निवासी मुख्तियार यादव ने आरोप लगाया है कि 25 मई को वह अपने घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका पोता रोते-बिलखते उनके पास पहुंचा और गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी। पोते की बात सुनने के बाद मुख्तियार यादव संबंधित व्यक्ति से घटना के बारे में पूछताछ करने पहुंचे।आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद लोगों ने एकजुट होकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। परिजन घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका इलाज कराया गया।घटना के बाद पीड़ित ने कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्तियार यादव के बयान के आधार पर वीर बहादुर यादव, रघुवर यादव, देवव्रत यादव समेत तीन महिलाओं को नामजद करते हुए कुल छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।