तिलक समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग दूल्हे के ममेरे भाई को लगी गोली मौत

तिलक समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग दूल्हे के ममेरे भाई को लगी गोली मौत

- हर्ष फायरिंग को लेकर सख्त हुए एसपी, बोले- धरपकड़ के लिए चल रही छापेमारी 

केटी न्यूज/आरा

जिले में हर्ष फायरिंग काफी खतरनाक होती जा रही है। एक बार फिर हर्ष फायरिंग एक युवक की जान चली गयी। मामला संदेश थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव की है। जहां शुक्रवार की रात तिलक समारोह चल रहा था। इस बीच हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दूल्हे के ममेरे भाई की मौत हो गयी। मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगवलिया गांव निवासी स्व. अजय सिंह का बेटा बिट्टू कुमार था। गोली किसी रिश्तेदार की बंदूक से चलने की बात कही जा रही है।

जो बड़हरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, युवक की अचानक मौत से तिलक समारोह में भगदड़ मच गयी। तिलक की खुशी का माहौल गम में बदल गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गये और छानबीन शुरू कर दी गयी। 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात बिट्टू कुमार के फूफा धर्मपुर गांव निवासी लव सिंह के बेटे कुणाल सिंह का तिलक आया था। अन्य रिश्तेदारों के साथ बिट्टू कुमार भी तिलक समारोह में शामिल था। तिलक चढ़ाये जाने के दौरान एक रिश्तेदार द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही थी। तभी बिट्टू को गोली लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। उसके बाद परिजन द्वारा उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया था। पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर वहां की स्थानीय पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया।

खंगाले जा रहे हैं वीडियो फुटेज 

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आयी है कि तिलक समारोह में एक रिश्तेदार की ओर से संभवत: किसी अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग की जा रही थी। उसमें गोली फंस गयी, जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा था। उस दौरान अचानक फायर हो गया और गोली बिट्टू को गोली लग गयी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त को चिन्हित कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की जा रही थी। आरोपित घर से फरार है। ट्रेस किया जा रहा है। जल्दी ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।