जमीन विवाद में महिला की पीट पीटकर हत्या, चाचा समेत चार पर प्राथिमकी

जमीन विवाद में महिला की पीट पीटकर हत्या, चाचा समेत चार पर प्राथिमकी

मायके में जमीन खरीदने के कारण ईर्ष्या करते थे उसके पिता के भाई

महिला की मां ने अपने देवर सहित चार पर लगाया हत्या करने का आरोप

केटी न्यूज/आरा

जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव में मंगलवार की देर रात एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृत महिला कुल्हड़िया गांव निवासी रमेश पवार की बेटी वंदना देवी थी। पति से अलग होने के बाद वह अपनी मां के साथ अपने मायके कुल्हड़िया में रहती थी। उसकी शादी महाराष्ट्र निवासी एक युवक के साथ हुई थी। उसका पति कुछ साल पहले उसे छोड़ कर भाग गया है। हत्या का मूल कारण जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है। उसके दो चाचा सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। महिला की मां सीता देवी ने बताया कि उसने गांव में कुछ जमीन खरीदी है। उसे लेकर उसके पट्टीदार के लोग जलते थे। उसी जमीन को लेकर उनसे विवाद भी चल रहा है। मंगलवार की रात उनकी बेटी वंदना की हत्या कर दी गई। 

सीता देवी ने अपने देवर बोसरा, इंद्रजीत, उसके दो साथी कपूर और चिरंजी पर धारदार हथियार से अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि महिला की मौत के बाद परिजन उसे दफनाने जा रहे थे। तभी गांव के कुछ लोगों से सूचना मिली कि महिला की हत्या कर शव को दफनाने की तैयारी की जा रही है। उस आधार पर शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। वहीं पुलिस समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत चोट लगने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। 

बाहर सो रही थी वंदना, तभी की गई हत्या 

मृतका की मां सीता देवी ने बताया कि  वह मंगलवार की रात पूजा करने गई थी। बच्चे घर का दरवाजा बंद कर नाच रहे थे। वंदना घर के बाहर चौकी पर अकेली सो रही थी। उसी दौरान उनके दो देवर दो अन्य युवक धमक गये। तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसे धारदार हथियार से सीने पर वार कर दिया। उससे उसकी मौके पर मौत हो गयी। उसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। बताया कि वंदना की शादी महाराष्ट्र निवासी गुंडा शिंदे नामक युवक से कुछ वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद ही उसका पति उसे छोड़ कर महाराष्ट्र भाग गया और दूसरी शादी कर ली। उसके बाद से वंदना उसके साथ कुल्हड़िया गांव में रहा करती थी। उसके परिवार में मां सीता देवी, बहन लाठी, हसीना, ऐश्वर्यास भाई राज  और देवा है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।