ठोरा नदी में समाया 13 साल का बाबुधन, दूसरे दिन मिला शव
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसुधर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान घाट के समीप रविवार को ठोरा नदी में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर बाबुधन मुसहर गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते दोस्तों की आंखों के सामने वह नदी की तेज धार में ओझल हो गया।

__ दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर, गहरे पानी में जाने के बाद मची चीख-पुकार; रविवार शाम तक नहीं मिला सुराग, सोमवार दोपहर गोताखोरों ने निकाला शव
केटी न्यूज/बक्सर।
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसुधर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान घाट के समीप रविवार को ठोरा नदी में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर बाबुधन मुसहर गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते दोस्तों की आंखों के सामने वह नदी की तेज धार में ओझल हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार को स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव पानी से बाहर निकाला।बताया जाता है कि बाबुधन मुसहर, पिता बुद्धू मुसहर, रविवार की दोपहर कुछ दोस्तों के साथ ब्रह्म बाबा स्थान घाट के समीप ठोरा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर जुट गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर किशोर की तलाश शुरू कराई गई। नदी में काफी देर तक खोजबीन चली, लेकिन रविवार देर शाम तक बाबुधन का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोकना पड़ा।सोमवार को एक बार फिर गोताखोरों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर में किशोर का शव बरामद कर लिया गया।

शव बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। जिस बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद परिवार लगाए बैठा था, उसकी जगह घर पहुंचा उसका शव।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है। मासूम की मौत ने एक बार फिर नदी घाटों पर नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

