चौसा-कोचस सड़क पर गड्ढा बना हादसे का कारण, दो जख्मी
चौसा-कोचस मार्ग की बदहाली अब राहगीरों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। सड़क पर बने गड्ढे से बचने की कोशिश में सोमवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय वृद्ध समेत दो लोग घायल हो गए। घटना अखौरीपुर गोला-कोचाढ़ी के बीच बेचनपुरवा के समीप हुई।

__ चौसा-कोचस मार्ग की बदहाली से बढ़ी दुर्घटना की आशंका, ग्रामीणों ने मरम्मत की उठाई मांग
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-कोचस मार्ग की बदहाली अब राहगीरों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। सड़क पर बने गड्ढे से बचने की कोशिश में सोमवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय वृद्ध समेत दो लोग घायल हो गए। घटना अखौरीपुर गोला-कोचाढ़ी के बीच बेचनपुरवा के समीप हुई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।घायलों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के बन्नी गांव निवासी रमेश राम और सरोज कुमार यादव के रूप में हुई है।बताया जाता है कि दोनों बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे।बेचनपुरवा के पास सड़क पर बने गड्ढे को देखकर बाइक चालक ने उससे बचने का प्रयास किया।

इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के वक्त पीछे से कोई तेज रफ्तार वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी।ग्रामीणों के अनुसार चौसा-कोचस मार्ग के कई हिस्सों में सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह बने गड्ढे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

