‘भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला...’ से गूंज उठे घर-मंदिर, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
प्रखंड क्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सुबह से ही देवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।


केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड क्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सुबह से ही देवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।केसठ, रामपुर, कतिकनार, दसियांव, बैजनाथपुर, डिहरा सहित अन्य गांवों के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में परंपरागत रूप से भगवान का डोल सजाया गया। वहीं, श्रद्धालुओं ने अपने घरों में बाल गोपाल की आकर्षक झांकियां सजाकर जन्मोत्सव मनाया।

रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों और घरों में ‘भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला...’ सहित विभिन्न भजनों और सोहर से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाल कृष्ण का विधिवत स्नान, ध्यान, पूजन और आरती की। इसके बाद भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल स्वरूप झांकी देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। घरों और मंदिरों में सजी आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इस दौरान ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवाय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की तथा बाल गोपाल से आशीर्वाद मांगा।

