मामूली विवाद में पति ने जड़ा थप्पड़, तो पत्नी ने गुस्से में कर ली खुदकुशी

मामूली विवाद में पति ने जड़ा थप्पड़, तो पत्नी ने गुस्से में कर ली खुदकुशी

गड़हनी थाना क्षेत्र के असलान गांव की बुधवार की रात की घटना

भांजी का इलाज कराने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने जड़े थे थप्पड़ 

केटी न्यूज/आरा

गड़हनी थाना क्षेत्र के असलान गांव में बुधवार की रात पति द्वारा थप्पड़ जड़ने से नाराज महिला ने खुदकुशी कर ली। उसने अपने कमरे में पंखे से लटक कर जान दे दी। मृत महिला असलान गांव निवासी पप्पू सिंह की 32 वर्षीया पत्नी पूजा देवी उर्फ फूल कुमारी थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पप्पू सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह एक काम वह बाजार गया था। वह घर लौटा, तो भांजी की तबीयत खराब हो

गयी। तब उसका इलाज कराने चला गया। उसके कारण उसे घर लौटने में काफी देरी हो गयी। उससे नाराज उसकी पत्नी  की ओर से उसकी बहन और भांजे को गाली दी जाने लगी। उसने पत्नी को गाली देने से मना किया, लेकिन वह मान नहीं रही थी। तब उसने उसे दो थप्पड़ लगा दिया। उसके बाद उसकी पत्नी गुस्से में अपने कमरे में गई और पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद वह कमरे में गया तो, देखा कि उसकी पत्नी पंखे से लटकी है।

तब उसने पत्नी के मायके वालों और थाना को दी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इधर, पुलिस का कहना है कि महिला के मायके वालों की ओर से आवेदन दिया गया है। उसमें कहा गया है कि वह अक्सर बीमार रहती थी। उसके कारण वह चिड़चिड़ी हो गई थी।

आवेदन में उसके ससुराल वालों पर किसी प्रकार का कोई आशंका या आरोप नहीं लगाया है। बताया जा रहा है कि महिला दो भाइयों की इकलौती बहन थी। उसे पुत्री वंदना, प्रीति, कृति, पुत्र विक्की और विवेक है। उसकी मौत के बाद के घर में कोहराम मच गया है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।