दानी कुटिया पर शराब की बड़ी खेप बरामद, ट्रक छोड़ चालक फरार
बक्सर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग स्थित दानी कुटिया के पास संदिग्ध हालात में खड़े एक ट्रक से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई की भनक लगते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
__ उत्पाद विभाग की छापेमारी में 791 लीटर शराब बरामद, यूपी नंबर ट्रक जब्त; बड़े सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग स्थित दानी कुटिया के पास संदिग्ध हालात में खड़े एक ट्रक से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई की भनक लगते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूत्रों के अनुसार उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चौसा-बक्सर मार्ग से शराब की बड़ी खेप जिले में प्रवेश कराने की तैयारी है। सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में टीम ने दानी कुटिया के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की। वहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर संदेह होने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो भीतर छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप देखकर अधिकारी भी चौंक गए।

जांच में ट्रक संख्या यूपी 65 डीटी 2377 से कुल 791.280 लीटर शराब बरामद की गई। जब्त विदेशी शराब में 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल की 1248 बोतलें तथा अफसर चॉइस की 1248 बोतलें शामिल हैं। दोनों ब्रांड की कुल मात्रा 449.280 लीटर बताई गई है। इसके अलावा दबंग ब्रांड की 200 एमएल की 1710 बोतल देशी शराब भी जब्त की गई, जिसकी मात्रा 342 लीटर से अधिक है।उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। माना जा रहा है कि उसे छापेमारी की भनक लग गई थी, जिसके बाद उसने मौके से भाग निकलने में ही भलाई समझी। हालांकि विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर भेज दिया है और उसके स्वामित्व व रूट की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी किसी संगठित तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करती है। आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी। विभाग अब मोबाइल लोकेशन, वाहन स्वामी और चालक के संपर्कों की भी जांच कर रहा है।उत्पाद अधीक्षक असरफ जमाल ने बताया कि ट्रक मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं विभाग इसे हाल के दिनों की बड़ी सफलता मान रहा है।

