जेल से छूटते ही युवक पर फायरिंग का आरोप, पुराने विवाद की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में युवक को गोली मारकर घायल करने की घटना की जांच अब पुराने आपसी विवाद और कथित प्रेम-प्रसंग के एंगल पर केंद्रित हो गई है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद के संकेत मिले हैं। वहीं, घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि गोली अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई है।

जेल से छूटते ही युवक पर फायरिंग का आरोप, पुराने विवाद की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

केटी न्यूज/चौसा

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में युवक को गोली मारकर घायल करने की घटना की जांच अब पुराने आपसी विवाद और कथित प्रेम-प्रसंग के एंगल पर केंद्रित हो गई है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद के संकेत मिले हैं। वहीं, घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि गोली अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई है।घायल की पहचान लालगंज निवासी गोवर्धन साह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू साह के रूप में हुई है। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने घर के समीप मौजूद था, तभी पीछे से आए हमलावर ने सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना में नामजद आरोपित और घायल के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर भी तनाव की चर्चा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस युवक पर गोली चलाने का आरोप है, वह पूर्व के एक मामले में जेल से बंद था और कुछ दिन पहले ही रिहा होकर गांव लौटा था। घटना के बाद से वह फरार है।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी। शनिवार सुबह एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।