झोपड़ीनुमा घर में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख
थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव के वार्ड संख्या तीन में शुक्रवार की देर रात अगलगी की घटना में अलगू राम की गृहस्थी उजड़ गई। झोपड़ीनुमा मकान में अचानक आग लगने से कपड़े, अनाज, पशु चारा समेत घर में रखा हजारों-लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

__ आधी रात को चिंगारी से भड़की आग ने देखते ही देखते लिया विकराल रूप, ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
केटी न्यूज/राजपुर :-
थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव के वार्ड संख्या तीन में शुक्रवार की देर रात अगलगी की घटना में अलगू राम की गृहस्थी उजड़ गई। झोपड़ीनुमा मकान में अचानक आग लगने से कपड़े, अनाज, पशु चारा समेत घर में रखा हजारों-लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ रहने का संकट भी खड़ा हो गया है।बताया जाता है कि अलगू राम के परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद रात में सो गए थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। रात का समय होने के कारण शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें और धुआं देखकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

आग की भयावहता को देखते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने आसपास लगे समरसेबल को चालू कर पानी की बौछार शुरू की और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।अगलगी में कपड़े, अनाज और पशु चारा सहित गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। समाजसेवी धर्मेंद्र राम समेत ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

