डुमरांव में अनियंत्रित हो पलटी टेम्पो युवक की मौत , आधा दर्जन जख्मी

डुमरांव में अनियंत्रित हो पलटी टेम्पो युवक की मौत , आधा दर्जन जख्मी

केटी न्यूज/डुमरांव

गुरूवार की देर शाम एनएच 120 पर टेढ़की पुल के पास एक टेम्पो अनियंत्रित हो सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब आधा दर्जन यात्री जख्मी हुए है। जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। घटना शाम करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है। मृतक खलवा ईनार के कन्हैया यादव के 50 वर्षीय पुत्र देवनाथ यादव है। घटना के बाद से टेम्पो चालक फरार हो गया है। वही अन्य यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष बिंदेश्वर राम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार देवनाथ डुमरांव के जेपी चाट की दुकान पर काम करता था। हर दिन की तरह वह गुरूवार की शाम वह टेम्पो से अपने गांव खलवा ईनार जा रहा था। जैसे ही उसकी टेम्पो टेढ़की पुल से आगे बढ़ी कि अनियंत्रित हो सड़क पर ही पलट गई। जिसमें दबने से देवनाथ की मौके पर ही मौत हो गई है। इसकी जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उसकी मां, पत्नी तथा बच्चें रोते रोते बेसुध हो गए थे। मौके पर सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस शव का पंचनामा कर रही थी।