एनएच-922 पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार दो युवक घायल, एक पटना रेफर

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए।

एनएच-922 पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार दो युवक घायल, एक पटना रेफर

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए।मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के नोनियापुरा गांव निवासी रविंद्र प्रसाद और संजय प्रसाद शनिवार की सुबह करीब पांच बजे एक बाइक से बक्सर की ओर जा रहे थे।

जैसे ही वे एनएच-922 पर बड़का ढकाइच गांव के समीप कट लाइन के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक समेत उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे रविंद्र प्रसाद को गंभीर चोटें आईं, जबकि संजय प्रसाद भी जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए भेजा गया। रविंद्र प्रसाद की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल हाईटेक में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के साथ क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश में जुट गई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-922 पर सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से कट लाइन और संवेदनशील स्थानों पर सख्त निगरानी, गति नियंत्रण और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।