जमीन विवाद में कार्रवाई के नाम पर वसूली, 50 हजार लेते दबोचे गए दारोगा

जमीन विवाद में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और फिर कार्रवाई के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला एक दारोगा को भारी पड़ गया। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाने में तैनात एसआई नीरज कुमार को निगरानी विभाग की 16 सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

जमीन विवाद में कार्रवाई के नाम पर वसूली, 50 हजार लेते दबोचे गए दारोगा

__ ब्रह्मपुर थाने में तैनात एसआई को निगरानी टीम ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार, परिवादी की शिकायत पर सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर। 

जमीन विवाद में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और फिर कार्रवाई के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला एक दारोगा को भारी पड़ गया। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाने में तैनात एसआई नीरज कुमार को निगरानी विभाग की 16 सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और आरोपी दारोगा को दबोच लिया।

__ चार लाख रुपये के विवाद से जुड़ा है मामला

मामले की शुरुआत जमीन के सिलसिले में हुए आर्थिक लेनदेन से हुई थी। बलुआ गांव निवासी परिवादी अमरनाथ यादव के अनुसार, उन्होंने रमेश सिंह को जमीन के मामले में चार लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि रमेश सिंह ने एक महीने के भीतर रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अमरनाथ यादव ने ब्रह्मपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।इस मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई नीरज कुमार को सौंपी गई थी। परिवादी का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी दौरान केस में कार्रवाई करने के नाम पर उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई। इसके बाद अमरनाथ यादव ने निगरानी विभाग का दरवाजा खटखटाया।

__ सत्यापन के बाद कार्रवाई, होटल में हुई पूछताछ

निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पहले आरोपों का सत्यापन कराया गया। मामला सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 124/26 दर्ज किया गया और कार्रवाई के लिए 16 सदस्यीय टीम गठित की गई। टीम ने निर्धारित योजना के तहत जाल बिछाया। इसी दौरान एसआई नीरज कुमार को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने ब्रह्मपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित एक निजी होटल में आरोपी से पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले गई।

__ 2009 बैच का दारोगा है नीरज

गिरफ्तार एसआई नीरज कुमार वर्ष 2009 बैच के अधिकारी बताए जा रहे हैं। ब्रह्मपुर थाने में पदस्थापना से पहले वह बक्सर नगर स्थित टाउन थाना में भी तैनात रह चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

__ ब्रह्मपुर में पहले भी हुई थी निगरानी की कार्रवाई

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग की यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले 29 जनवरी 2026 को टीम ने बीईओ सह कल्याण पदाधिकारी एकता भाई लक्की को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। अब एक पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी ने सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और जवाबदेही को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल निगरानी विभाग मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। आरोपी के खिलाफ लगे आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।