बस पर पथराव से दहशत, बाल-बाल बचे यात्री

राजपुर थाना क्षेत्र के कटरिया-बक्सर मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह एक यात्री बस पर हुए पथराव से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में बस का अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि बस में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। समय रहते चालक की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

बस पर पथराव से दहशत, बाल-बाल बचे यात्री

--पूर्व विवाद के बाद उग्र हुए कुछ लोगों ने रोकी बस, शीशा तोड़ा; पुलिस ने कई को लिया हिरासत में

केटी न्यूज/राजपुर :

राजपुर थाना क्षेत्र के कटरिया-बक्सर मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह एक यात्री बस पर हुए पथराव से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में बस का अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि बस में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। समय रहते चालक की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत संचालित एक यात्री बस पिछले कुछ दिनों से कटरिया और बक्सर के बीच नियमित रूप से चल रही है। रविवार सुबह जब बस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी, तभी कटरिया गांव के समीप कुछ लोगों ने अचानक उस पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव इतना तेज था कि बस का अगला शीशा टूटकर बिखर गया। घटना के दौरान बस में कई यात्री सवार थे, जो अचानक हुए हमले से सहम गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने स्थिति को भांपते हुए बस को बिना रोके सुरक्षित स्थान की ओर निकाल लिया, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ने से बच गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।बताया जाता है कि एक दिन पूर्व इसी इलाके में बस की चपेट में आने से एक बकरी की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कर मामला सुलझा लेने की बात कही जा रही थी। बावजूद इसके अगले ही दिन बस पर हमला होने से विवाद फिर चर्चा में आ गया।

हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पथराव की वास्तविक वजह तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।घटना के बाद बस संचालक ने राजपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षतिग्रस्त बस को भी थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।