देवढ़िया में महिला का शव मिलने से हड़कंप, कई बिंदुओं पर जांच तेज
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव स्थित बधार में शनिवार की शाम एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय बुधिया देवी, पति गणेश राम, के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी गई।

केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव स्थित बधार में शनिवार की शाम एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय बुधिया देवी, पति गणेश राम, के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी गई।परिजनों के अनुसार, बुधिया देवी पिछले पांच दिनों से घर से लापता थीं। उनके पति गणेश राम ने बताया कि वे लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार की शाम करीब चार बजे महादलित बस्ती के पूर्व स्थित पुराने बरगद के पेड़ के पास झाड़ियों में खेल रहे बच्चों की नजर शव पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजने की तैयारी की गई। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दी। खबर मिलते ही उसकी मां सावित्री देवी और अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका के पति द्वारा गुमशुदगी की कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतका की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएल (स्टेट फॉरेंसिक लैब) की टीम भी घटनास्थल पर जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

