आरा-छपरा फोरलेन पर डकैती की साजिश करते तीन अपराध कर्मी हथियार के साथ गिरफ्तार

आरा-छपरा फोरलेन पर डकैती की साजिश करते तीन अपराध कर्मी हथियार के साथ गिरफ्तार

बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा होटल के पास शुक्रवार की रात पकड़े गए तीनों अपराध कर्मी 

अपराध कर्मियों के पास से दो देसी कट्टा, तीन गोली, एक फाइटर और दो मोबाइल बरामद 

केटी न्यूज/आरा

बड़हरा थाने के पुलिस ने आरा-छपरा फोरलेन से शुक्रवार की रात डकैती की साजिश करते तीन अपराध कर्मियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा स्थित एक होटल के पास से पकड़ा गया है। उनके पास से दो देसी कट्टा, तीन गोली, एक फाइटर और दो मोबाइल किया गया है।

गिरफ्तार अपराध कर्मियों में उसी थाना क्षेत्र के सेमरा मकदुमपुर गांव के सूरज नगर निवासी रविंद्र पासवान के पुत्र रंजन कुमार, कृष्ण पासवान के पुत्र विपुल कुमार और यशवंत कुमार शामिल हैं। विपुल कुमार और यशवंत कुमार भाई बताये जा रहे हैं। सदर एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह की ओर से प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात साढ़े ग्यारह बजे सूचना मिली कि आरा-छपरा फोरलेन पर बड़हरा क्षेत्र के बबुरा स्थित संगम होटल के पास कुछ अपराधी कर्मी हथियार के साथ जमा हुए हैं। अपराध कर्मी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। उस आधार पर अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी को लेकर थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। टीम तत्काल मौके पर पहुंची, तो अपराध कर्मी पुलिस को देख भागने लगे।

हालांकि खदेड़ कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अपराध कर्मियों के पास से दो देसी कट्टा, तीन गोली, एक फाइटर और दो मोबाइल बरामद किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में तीनों द्वारा एक आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए जमा होने की बात स्वीकार की गयी है।

तीनों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। इस मामले में तीनों के खिलाफ डकैती की साजिश और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस किया गया है। छापेमारी टीम में दारोगा अरुण कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।