ऑर्डर पहुंचाकर घर लौट रहे युवक की रास्ते में मौत ने रोक दी जिंदगी

रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से निकला एक युवक रविवार की रात सड़क हादसे का शिकार होकर जिंदगी की जंग हार गया। चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला के समीप आरओबी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी

ऑर्डर पहुंचाकर घर लौट रहे युवक की रास्ते में मौत ने रोक दी जिंदगी

__ आरओबी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी सीधी टक्कर, पटना में इलाज के दौरान 30 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम; चालक फरार

केटी न्यूज/चौसा।

रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से निकला एक युवक रविवार की रात सड़क हादसे का शिकार होकर जिंदगी की जंग हार गया। चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला के समीप आरओबी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पटना में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के करीमुद्दीन थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी शशिकांत राय के 30 वर्षीय पुत्र अभिनव राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अभिनव मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेने और उसकी आपूर्ति करने का काम करता था। इसी सिलसिले में वह रविवार को चौसा क्षेत्र में आया था। दिनभर काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसे क्या पता था कि घर की राह में ही एक तेज रफ्तार ट्रक उसकी जिंदगी छीन लेगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अखौरीपुर गोला स्थित आरओबी के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिनव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

__ सीसीटीवी से खुलेगा हादसे का राज, चालक की तलाश तेज

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान हो सके। चालक की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।