बक्सर में गंगा ने फिर पकड़ी रफ्तार, चेतावनी बिंदु से महज 18 सेंटीमीटर नीचे
बक्सर में लगातार एक सप्ताह तक घटने के बाद गंगा नदी के जलस्तर ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार की शाम से ही जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि शनिवार की शाम से रविवार की सुबह तक पानी बढ़ने की रफ्तार धीमी रही, लेकिन रविवार की दोपहर बाद इसमें अचानक तेजी आ गई। शाम छह बजे तक गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 18 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया था। जिस रफ्तार से पानी बढ़ रहा है, उससे अगले कुछ घंटों में गंगा के चेतावनी बिंदु को पार कर लाल निशान की ओर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
__ एक सप्ताह तक घटने के बाद शनिवार शाम से बढ़ने लगा जलस्तर, दोपहर बाद तेज हुई रफ्तार; अगले कुछ घंटों में चेतावनी बिंदु पार करने की आशंका
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर में लगातार एक सप्ताह तक घटने के बाद गंगा नदी के जलस्तर ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार की शाम से ही जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि शनिवार की शाम से रविवार की सुबह तक पानी बढ़ने की रफ्तार धीमी रही, लेकिन रविवार की दोपहर बाद इसमें अचानक तेजी आ गई। शाम छह बजे तक गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 18 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया था। जिस रफ्तार से पानी बढ़ रहा है, उससे अगले कुछ घंटों में गंगा के चेतावनी बिंदु को पार कर लाल निशान की ओर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार रविवार की सुबह आठ बजे बक्सर में गंगा का जलस्तर 58.89 मीटर दर्ज किया गया। उस समय पिछले दो घंटे में पानी दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था। इसके बाद दोपहर बाद जलस्तर बढ़ने की रफ्तार तेज हो गई। शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 59.14 मीटर पहुंच गया। इस समय पिछले दो घंटे में पानी चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था।

गंगा का चेतावनी स्तर 59.32 मीटर निर्धारित है, जबकि खतरे का निशान 60.32 मीटर है। शाम छह बजे नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से केवल 18 सेंटीमीटर नीचे था। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने एक बार फिर तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर गंगा के जलस्तर पर पड़ रहा है। ऐसे में इस बार भी बाढ़ की संभावना बनी हुई है। हालांकि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर रख रहा है। जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है तथा तटवर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक स्तर से आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी साहिला ने भी गंगा के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

__ जलस्तर पर एक नजर
चेतावनी स्तर: 59.32 मीटर
खतरे का निशान: 60.32 मीटर
रविवार सुबह 8 बजे: 58.89 मीटर
रविवार शाम 6 बजे: 59.14 मीटर
शाम 6 बजे बढ़ने की रफ्तार: 4 सेमी प्रति घंटा
