महागठबंधन को झटका : कुढ़नी उपचुनाव में भाजपा के केदार प्रसाद जीते

महागठबंधन को झटका : कुढ़नी उपचुनाव में भाजपा के केदार प्रसाद जीते

- केदार प्रसाद ने जदयू उम्मीदवार मनोज कुशवाहा को 3632 मतों से हराया

- एनडीए के टूटने के बाद कुढ़नी उपचुनाव भाजपा के लिए बड़ी जीत

केटी न्यूज/पटना 

गुजरात में भाजपा लहर के बाद गुरुवार को पार्टी को एक और जीत का तोहफा मिला। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जदयू को फिर झटका दिया है। उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने जदयू के मनोज कुशवाहा को पछाड़ दिया है। जिसके बाद पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित दफ्तर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कुढ़नी उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार को 3632 मतों के अंतर से हराया है। भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने 76648 वोट हासिल किए जबकि जदयू उम्मीदवार मनोज कुशवाहा को 73016 वोट मिले।

उपचुनाव के नतीजे ने सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए बड़ा झटका है। उपचुनाव में लोगों ने जनता दल यूनाइटेड को पूरी तरीके से नकार दिया। गौरतलब है, नीतीश कुमार ने पार्टी के उम्मीदवार के लिए इस सीट पर जोरदार प्रचार किया था। दिलचस्प बात यह है कि नीतीश कुमार के एनडीए गठबंधन से बाहर होने के बाद बिहार में यह पहला चुनाव था जहां जनता दल यूनाइटेड का सीधा मुकाबला बीजेपी से था। जानकारों का कहना है की बीते अगस्त माह में जदयू ने भाजपा से नाता तोड़ महागठबंधन में विलय कर लिया। जिसके बाद कुढ़नी उपचुनाव का परिणाम भाजपा के लिए एक बड़ी जीत है।