खड़ी गाड़ी हटाने के विवाद में हुई झड़प में रोड़ेबाजी और फायरिंग

खड़ी गाड़ी हटाने के विवाद में हुई झड़प में रोड़ेबाजी और फायरिंग

- रोड़ेबाजी में करीब आधा दर्जन लोग जख्मी, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त 

- मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, फायरिंग से कर रही इनकार 

केटी न्यूज/आरा

जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में मंगलवार की रात गाड़ी हटाने के विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी। उस दौरान दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलाये गये है। उसमें करीब आधा दर्जन लोगों की जख्मी होने की सूचना है। कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गयी। फायरिंग की भी बात सामने आ रही गयी। हालांकि पुलिस की ओर से फायरिंग की पुष्टि नहीं की गयी है। लेकिन घटनास्थल पर गिरे खोखे का फोटो वायरल होने से गोली चलने की बात कही जा रही है। घटना को लेकर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। इधर, घटना को लेकर एक पक्ष के स्थानीय गांव निवासी मुन्ना सिंह की पत्नी सरिता देवी की ओर से स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उसमें पूर्व विधायक आशा देवी के घर के दस लोगों को नामजद सहित अन्य अज्ञात को आरोपित किया गया है।

पुलिस दर्ज प्राथमिकी की आधार पर इसकी छानबीन में जुट गयी है। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक के गांव देवरिया में मंगलवार की  रात कोई कार्यक्रम था। उसमें उनके कुछ रिश्तेदार अपनी छोटी वाहनों से आये थे। कुछ गाड़ियां मुन्ना सिंह के दरवाजे के सामने खड़ी थी। दरवाजे के सामने लगी गाड़ियों को हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया। पहले नोंकझोंक हुई। उसके बाद मारपीट होने लगी और ईंट-पत्थर चलाये जाने लगे। इसमें कुछ गाड़ियों क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आ रही है। इस बीच फायरिंग भी कर दी गयी। इधर, थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी की आधार पर जांच की जा रही है।