-वीडियो कैमरा देने से मना करने पर फोरलेन पर रील्स बना रहे छात्र को मारी गोली

-वीडियो कैमरा देने से मना करने पर फोरलेन पर रील्स बना रहे छात्र को मारी गोली

-आरा-बक्सर फोरलेन पर बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव के समीप मंगलवार की शाम की घटना

-दो पर बाइक सवार मुंह बांधे छह बदमाशों पर गोली मारने का लगाया जा रहा आरोप

-घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, मौके पर पहुंच छानबीन में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/ आरा

आरा-बक्सर फोरलेन पर बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव के समीप मंगलवार की शाम वीडियो कैमरा देने से मना करने पर बदमाशों द्वारा रील्स बना रहे एक छात्र को गोली मार दी गयी। गोली उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी है, जो आरपार हो गयी है। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी छात्र बिहिया नगर वार्ड नंबर 14 निवासी विरेन्द्र साव का 20 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार है।

वह मैट्रिक का छात्र बताया जा रहा है। दो अलग-अलग बाइक सवार छह बदमाशों पर गोली मारे जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि गोली मारे जाने का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है। जख्मी बबलू कुमार ने बताया कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ रील्स शूट करने अमराई नवादा स्थित फोरलेन आया था।

तभी दो बाइक सवार मुंह बांधे छह अन्य युवक पहुंच गये और उससे वीडियो कैमरा मांगने लगे। उसने वीडियो कैमरा देने से मना किया, तो एक बदमाश द्वारा गोली चला दी गई। उसमें उसके पैर में गोली लग गयी और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके बाद परिजन द्वारा इलाज के लिए उसे आरा सदर अस्पताल लाया गया। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान भी की जा रही है।