नक्सली कांड में फरार पूर्व माओवादी एरिया कमांडर गिरफ्तार

नक्सली कांड में फरार पूर्व माओवादी एरिया कमांडर गिरफ्तार

- चरपोखरी थाना क्षेत्र के डेगोडिहरी गांव पुलिस ने लैंडमाइंस एक्स्पर्ट को दबोचा 

- सड़क निर्माण में कंपनी से लेवी वसूलने के मामले में पूर्व कमांडर था वांछित 

केटी न्यूज/आरा

जिले के नक्सली कांडों में फरार एक वांछित पूर्व माओवादी एरिया कमांडर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसे चरपोखरी थाने के डेगोडिहरी गांव से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार पूर्व माओवादी केशो यादव डेगोडिहरी गांव का रहने वाला है। वह 2013 में चरपोखरी थाना क्षेत्र के हरपुर के समीप सड़क निर्माण कर रही कंपनी से लेवी वसूलने में वांटेड था। पुलिस के अनुसार उसकी भूमिका लैंडमाइंस एक्स्पर्ट के रूप में थी। वह चरपोखरी थाने में विभिन्न नक्सली कांडों में भी आरोपित है। 

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 2013 के सितंबर माह में चरपोखरी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के पास सड़क निर्माण कंपनी से लेवी की मांग की गयी थी। साथ ही, कंपनी के कर्मियों से मारपीट भी की गयी थी। जिसको लेकर चरपोखरी थाने में लेवी वसूलने, सीएमएएडीटी और यूएसीडीडीसीटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले में केशो यादव वांटेड था और फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रयासरत थी। सोमवार की शाम सूचना मिली कि वह अपने गांव आया है। जिसके बाद चरपोखरी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि केशो यादव के खिलाफ चरपोखरी थाने में 2008 और 2006 में ही सीएलए एक्ट के तहत भी केस दर्ज है।

उसके खिलाफ अन्य केस के बारे में जानकारी ली जा रही है। उसकी गिनती माओवादियों के बीच लैंडमाइंस एक्स्पर्ट के रूप में की जाती थी। वह पूर्व में भोजपुर और रोहतास इलाके का माओवादी एरिया कमांडर था। रोहतास सहित अन्य जिलों को भी उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गयी है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। छापेमारी टीम में चरपोखरी थाने के अन्य पुलिस कर्मी भी शामिल थे। बताया जा रहा कि केशो यादव पूर्व में चरपोखरी के बाबूबांध पंचायत का मुखिया भी रह चुका है।