प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, सम्मान समारोह तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

__अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय केसठ के छात्र-छात्राओं ने हस्तकला भेंट कर शिक्षकों को किया सम्मानित
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, सम्मान समारोह तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आदर व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, उपहार एवं हस्तनिर्मित कलाकृतियां भेंट कीं।अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय केसठ में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार आकर्षक हस्तकलाएं, ग्रीटिंग कार्ड एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों ने शिक्षकों के योगदान पर आधारित गीत, कविता एवं भाषण प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने कहा कि गुरु का स्थान समाज में सर्वोच्च होता है और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की।शिक्षक दिवस समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

