डुमरांव पंचायत समिति बैठक में पेयजल व कृषि मुद्दों पर हंगामा, मरम्मत में लापरवाही पर जताई नाराजगी
डुमरांव प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख अनूपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान कुल 18 जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें विभिन्न पंचायतों के मुखिया और बीडीसी सदस्य शामिल थे। बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन कई मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने जोरदार तरीके से अपनी बातें रखीं।
__ नल-जल योजना, खराब चापाकल और खराब बीज वितरण पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल, बीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
केटी न्यूज/डुमरांव:
डुमरांव प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख अनूपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान कुल 18 जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें विभिन्न पंचायतों के मुखिया और बीडीसी सदस्य शामिल थे। बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन कई मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने जोरदार तरीके से अपनी बातें रखीं।बैठक में सबसे अधिक चर्चा पेयजल व्यवस्था को लेकर हुई। कई जनप्रतिनिधियों ने पीएचडी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नल-जल योजना के तहत खराब पड़ी पाइपलाइन और उपकरणों की समय पर मरम्मत नहीं की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में यदि पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है।वहीं नंदन पंचायत के मुखिया रामजी यादव ने कृषि विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को वितरित किए गए गेहूं के बीज की गुणवत्ता बेहद खराब थी। उन्होंने बताया कि बीज बोने के बावजूद फसल उगी ही नहीं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इस मुद्दे को पिछली बैठक में भी उठाया गया था, लेकिन अब तक न तो कोई जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई।

इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि कई गांवों में चापाकल बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।इन सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ संदीप कुमार पांडेय ने संबंधित विभागों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि नल-जल योजना की मरम्मत, चापाकलों की स्थिति सुधारने तथा बीज वितरण मामले की जांच तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में इसके अलावा अन्य विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।

