ग्राम कचहरियों को पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश

समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा विभाग से जुड़े अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

ग्राम कचहरियों को पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश

__ जिलाधिकारी साहिला ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, भुगतान और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

केटी न्यूज/बक्सर। 

समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा विभाग से जुड़े अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी ग्राम कचहरियों को पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को न्यायिक एवं प्रशासनिक सेवाएं एक ही परिसर में सुगमता से उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को ग्राम कचहरियों में दर्ज होने वाले वादों का नियमित पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा उनके समय पर निष्पादन के लिए सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।बैठक में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। पंचायत सरकार भवनों के हस्तांतरण संबंधी प्रस्तावों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने पंचायतों में स्थापित सौर ऊर्जा आधारित पथ प्रकाश व्यवस्था से संबंधित लंबित भुगतानों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सौर पथ प्रकाश योजनाओं के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए पात्र एजेंसियों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।बैठक में पंद्रहवें वित्त आयोग एवं छठे राज्य वित्त आयोग की राशि से संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण करें, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा सत्यापन के बाद भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।