स्वच्छता के सिपाहियों का गांधी जयंती पर बढ़ा मान, 20 कर्मी हुए सम्मानित
गांधी जयंती के अवसर पर चौसा नगर पंचायत ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने वाले सफाईकर्मियों के योगदान को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया। शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सुविधा इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित समारोह में बेहतर कार्य करने वाले 15 सफाईकर्मियों और पांच पर्यवेक्षकों को अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

__ मेहनत और समर्पण के लिए 15 सफाईकर्मियों व पांच पर्यवेक्षकों को मिला अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र
केटी न्यूज/चौसा।
गांधी जयंती के अवसर पर चौसा नगर पंचायत ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने वाले सफाईकर्मियों के योगदान को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया। शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सुविधा इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित समारोह में बेहतर कार्य करने वाले 15 सफाईकर्मियों और पांच पर्यवेक्षकों को अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद कर्मियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।कार्यक्रम की शुरुआत नगर अध्यक्ष किरण देवी, कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव सहित वार्ड पार्षदों एवं नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की।

इसके बाद सभागार में आयोजित समारोह में चयनित स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सभ्य समाज की बुनियादी जरूरत माना था। आज सफाईकर्मी इसी सोच को धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

ईओ रानी कुमारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उनका नियमित योगदान नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहायक है। नगर अध्यक्ष किरण देवी ने सफाईकर्मियों को नगर पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वालों का सम्मान दूसरे कर्मियों को भी प्रेरणा देगा।मौके पर स्वच्छता पदाधिकारी मो. अरसद हैदर नकवी, वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

