भैंस चराने निकले दो मासूमों की गंगा में डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के लाल सिंह के डेरा गंगा घाट पर गुरुवार को भैंस चराने के दौरान गंगा में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

भैंस चराने निकले दो मासूमों की गंगा में डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

_ लाल सिंह के डेरा घाट पर हादसा, शव निकलते ही चीख-पुकार से दहला माहौल; _ जीवित्पुत्रिका व्रत के बीच दो माताओं की सूनी हुई गोद

केटी न्यूज/सिमरी।

तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के लाल सिंह के डेरा गंगा घाट पर गुरुवार को भैंस चराने के दौरान गंगा में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। शव घाट पर पहुंचते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर जुटे लोगों की आंखें भी नम हो गईं।मृतकों की पहचान टेकमन के डेरा गांव निवासी घरभरन यादव की आठ वर्षीय पुत्री काजल कुमारी और कृष्ण बिहारी यादव के 10 वर्षीय पुत्र अंकुश यादव के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि दोनों बच्चे भैंस चराने के लिए लाल सिंह के डेरा स्थित गंगा घाट की ओर गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों डूब गए।बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण गोताखोरों ने तत्काल गंगा में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उन्हें पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। खासकर जीवित्पुत्रिका व्रत के ऐन मौके पर अपने बच्चों की मौत की खबर सुनकर दोनों की मां बेसुध हो गईं।

जिस दिन माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना कर रही थीं, उसी दिन उनके सामने बच्चों की अर्थी उठने की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।घटना की सूचना मिलते ही तिलक राय के हाता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की सूचना सिमरी अंचल प्रशासन को भी दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी थी। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।