सिपाही घाट पर नहाने गया छात्र गंगा में लापता, देर शाम तक नहीं मिला सुराग

शहर के सेंट्रल जेल स्थित सिपाही घाट पर सोमवार की शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान एक छात्र गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

सिपाही घाट पर नहाने गया छात्र गंगा में लापता, देर शाम तक नहीं मिला सुराग

केटी न्यूज/बक्सर

शहर के सेंट्रल जेल स्थित सिपाही घाट पर सोमवार की शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान एक छात्र गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।लापता युवक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुवा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के 18 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनूप बक्सर शहर में रहकर पढ़ाई करता था।सोमवार की शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सिपाही घाट घूमने और स्नान करने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। कुछ ही देर में वह तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा।

साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोग तत्काल नदी में उतरे और काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद गोताखोरों की टीम को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई गई।घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सिपाही घाट सहित अन्य खतरनाक घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमित निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर साल ऐसे हादसे होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।