दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, नावानगर में 493 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद व अप्रिय घटना को रोकने के लिए नावानगर प्रखंड की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पर्व के मद्देनजर प्रखंड के चार थाना क्षेत्रों में कुल 493 लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

__शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों थानों की पुलिस ने की कार्रवाई, लोगों से भरवाया गया बॉन्ड
केटी न्यूज/नावानगर
दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद व अप्रिय घटना को रोकने के लिए नावानगर प्रखंड की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पर्व के मद्देनजर प्रखंड के चार थाना क्षेत्रों में कुल 493 लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित लोगों से बॉन्ड भी भरवाया गया है, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग न हो। इस संबंध में नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में 100 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं, सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के 80 लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई है।

सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन के अनुसार, उनके थाना क्षेत्र में 85 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर थाना क्षेत्र के 228 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से तीन व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पूजा के दौरान आपसी विवाद, तनाव और अशांति की आशंका को कम करना है। चारों थानों की पुलिस संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

