विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए संगठन को और मजबूत करना होगा : राजेश सिन्हा
भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश सह कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना तभी साकार होगा, जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।

--प्रदेश सह कोषाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बक्सर में हुआ अभिनंदन, बोले— सामान्य कार्यकर्ता को मिला सम्मान पूरे जिले के कार्यकर्ताओं का सम्मान
केटी न्यूज/बक्सर
भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश सह कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना तभी साकार होगा, जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है।यह बातें उन्होंने भाजपा बक्सर नगर पूर्वी मंडल द्वारा बांग्ला घाट स्थित एक निजी भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। प्रदेश सह कोषाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे राजेश सिन्हा का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और भाजपा के समर्थन में लगाए गए नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।अपने संबोधन में राजेश सिन्हा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि बक्सर के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने नगर मंडल की ओर से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह प्रेम उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि यह अभिनंदन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संगठन के प्रति उसकी निष्ठा, समर्पण और कार्यकर्ता भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि बक्सर के लिए यह गौरव की बात है कि यहां के एक सक्रिय कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।नगर अध्यक्ष ज्वाला सैनी ने कहा कि नगर मंडल के इतिहास में यह विशेष अवसर है। पहली बार नगर क्षेत्र के किसी कार्यकर्ता को प्रदेश संगठन में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री रोहित मिश्रा ने किया। समारोह में जिला महामंत्री लक्ष्मण शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन देवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुशील राय, बटेश्वर मिश्रा, राहुल दुबे, मनोज पांडेय, निक्कू तिवारी, रामजी शाह, मुन्ना शर्मा, सुमित उपाध्याय, बलराम केसरी, महावीर गुप्ता, मयंक राज, परमेश्वर चौधरी, प्रिया राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

