बारात करने आये दूल्हे के चचेरे भाई की वाहन की चपेट में आने से मौत

बारात करने आये दूल्हे के चचेरे भाई की वाहन की चपेट में आने से मौत

बहू का इंतजार कर रहे परिजनों को मिली घर के बेटे की मौत की खबर, मचा कोहराम

इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम

केटी न्यूज/आरा

कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव में शुक्रवार की सुबह वाहन की चपेट में आने से दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गयी। बारात वापसी के दौरान बागीचे में खड़े दूल्हे के चचेरे भाई को किसी वाहन ने ठोकर मार दी। उसमें गंभीर रूप से जख्मी युवक ने इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृत युवक बिहिया थाना क्षेत्र के महुआंव गांव निवासी महेंद्र महतो का 37 वर्षीय पुत्र मुन्ना सिंह था।

हादसे के बाद अफरातफरी मच गयी। शादी की खुशी का माहौल गम में बदल गया। परिजनों ने बताया कि उसके चचेरे भाई जीतेंद्र कुमार की गुरुवार की शाम कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी सुरेश महतो के घर बारात आयी था। शुक्रवार की सुबह बारात वापसी के दौरान मुन्ना बागीचे में खड़ा था। उसी दौरान किसी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

उसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।महुआंव गांव किशन महतो के घर में खुशी का माहौल था। बेटे जीतेंद्र की बारात जाने के बाद शुक्रवार की सुबह घर के लोग बारातियों के साथ बहू के आने का इंतजार कर रहे थे। घर में स्वागत की तैयारी चल रही थी।

तभी जीतेंद्र के चचेरे भाई मुन्ना की मौत की खबर आ गयी। उससे घर में कोहराम मच गया। शादी का माहौल गम में बदल गया। बताया जा रहा है कि मुन्ना सिंह दो भाई और दो बहनों में छोटा था। उसके परिवार में पत्नी रीना देवी, पुत्री स्नेहा,सनम और पुत्र सत्यम है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। पत्नी रीना देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।