अनियंत्रित हाइवा से बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला मौत,तीसरा जख्मी

अनियंत्रित हाइवा से बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला मौत,तीसरा जख्मी

बर्थडे पार्टी से लौटते समय हाइवा ने तीनों दोस्तों को रौंद डाला 

हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर की सड़क जाम

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर में बिहिया बाजार स्थित ओवरब्रिज पर गुरुवार की देर रात एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में दो दोस्तों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज बिहिया स्थित किसी प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतकों में शाहपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी तुलसी पासवान का 18 वर्षीय पुत्र गुरुदेव पासवान और बहोरनपुर ओपी क्षेत्र के चंदा केवटियां गांव निवासी उमा शंकर सिंह का 17 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार शामिल हैं।

जख्मी भी उसी इलाके का रहने वाला नीतीश बताया जा रहा है। आकाश कुमार दसवीं और गुरुदेव पासवान स्नातक का छात्र बताया जा रहा है। तीनों देर रात एक बर्थडे पार्टी से अपने घर लौट रहे थे। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोग शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतर गये और जमकर हंगामा मचाया। लोगों ने शव के साथ ओवरब्रिज के समीप सड़क जाम कर दिया।

जाम कर रहे लोग हाइवा चालक की गिरफ्तार करने, मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और स्टेट हाइवे पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। उस कारण हाइवे पर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे और समझा कर लोगों को शांत कराया। उसके बाद आवागमन बहाल हो सका। उसके बाद पुलिस द्वारा दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

दोस्तों संग ममेरे भाई के बर्थडे में गया था गुरुदेव, घर लौटते समय हो गया हादसा

गुरुदेव पासवान के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात उसके ममेरे भाई का बर्थडे था। उसे लेकर उसके मामा के घर पार्टी थी। उसमें भाग लेने वह आकाश कुमार सहित दो दोस्तों के साथ बाइक से बिहिया स्थित पंचवटी मोहल्ले स्थित मामा के घर गया था।

पार्टी मनाने के बाद देर रात तीनों अपने गांव लौट रहे थे। उसी दौरान बिहिया ओवर ब्रिज पर सामने से तेज रफ्तार एक में आ रही हाइवा ने तीनों को रौंद दिया। उससे गुरुदेव और उसके दोस्त आकाश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनका तीसरा दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया। 

दो छात्रों की मौत से घरों में मचा कोहराम

बताया जाता है कि गुरुदेव पासवान तीन भाई और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां रविता देवी, बहन नीतू कुमारी रितु कुमारी, भाई हरदेव और सूर्य देव है। आकाश कुमार अपने दो भाई वह दो बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां पम्मी देवी, बहन सलोनी सीखा और  भाई प्रकाश है घटना के बाद दोनों के घरों में कोहराम मच गया है‌।