प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत

प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत

- परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का लगाया आरोप

- पटना जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

केटी न्यूज/आरा

जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के लहठान गांव निवासी सीआरपीएफ जवान की पत्नी की पीरो स्थिति प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद मौत हो गयी। प्रसव के बाद स्थिति बिगड़ने पर महिला को रेफर कर दिया गया था। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृत महिला लहठान गांव निवासी सीआरपीएफ जवान आनंद कुमार की पत्नी सीमा कुमारी थी।

सीआरपीएफ जवान के पिता बबन राम ने बताया कि उनकी बहू सीमा कुमारी का प्रसव होने वाला था। रविवार की सुबह उसे पीरो बाजार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सक ने ऑपरेशन करने की सलाह दी गयी। शाम करीब छह बजे उसका ऑपरेशन किया गया। तब उसे लड़की हुई। बच्ची बिल्कुल ठीक है। उनकी बहू सीमा कुमारी को भी थोड़ा होश आया था।

उसके बाद रात करीब 12 बजे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जिसे देख उन्होंने रेफर करने की मांग की, लेकिन चिकित्सक और कंपाउंडर ने कहा कि सब ठीक हो जाएगा। बाद में स्थिति काफी बिगड़ गयी, तो रेफर कर दिया गया। उसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पटना स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव लेकर गांव आये।

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। बबन राम ने पुलिस को दिए अपने बयान में पीरो बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सक और कंपाउंडर पर इलाज में लापरवाही बरतने के कारण अपनी बहू की मौत होने का आरोप लगाया। इधर, शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।