मचा चित्कार, तालाब में युवती और गंगा में डूबा किशोर

मचा चित्कार, तालाब में युवती और गंगा में डूबा किशोर

राजपुर के कुसरुपा में युवती व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा महादेव घाट की है घटनाएं

केटी न्यूज/ बक्सर

जिला में अलग-अलग जगहों पर एक युवती और एक किशोर के डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के कुसरूपा गांव की है। रविवार की शाम गांव के तालाब में

डूबने से केशव प्रसाद राम की 22 वर्षीय पुत्री फुल कुमारी की मौत हो गई है। सोमवार को सुबह उसका शव तालाब में उपलाया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद राजपुर थाने को भी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने

शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा। आशंका जताई जा रही है कि युवती शाम में शौच के लिए तालाब के पास गई होगी तथा पैर फिसलने के कारण वह तालाब में गिर गई होगी। हालांकि रात में परिजनों द्वारा युवती के गायब होने की सूचना पुलिस को

नहीं दी गई थी। जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। राजपुर थाना अध्यक्ष राजेश मालाकार ने इसकी पुष्टि की है। अभी तक परिजनों द्वारा एफआईआर भी दर्ज नहीं कराया गया है। जिससे इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है कि उसकी मौत दुर्घटना है या हत्या। वैसे इस घटना को ले कई तरह की चर्चाएं हो रही है। 

महादेवा घाट पर नहाने के दौरान डूबा किशोर 

वही दूसरी तरफ सोमवार को चौसा के महादेवाघाट पर अपने दोस्त के साथ गंगा स्नान करने आया एक किशोर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष राहुल कुमार, चौसा बीडीओ अशोक कुमार तथा सीओ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण गोताखोरों द्वारा

2 घंटे के मशक्कत के बाद शव को पानी से निकाला गया। मृतक न्यायीपुर के गांधी राम का 14 वर्षीय पुत्र पवन राम है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। बता दे कि एक सप्ताह पहले चौसा के कीर्तपुरा में एक युवक तथा दो किशोर डूब गए थे।