मामा की शादी में आई 12 वर्षीय किशोरी की गंगा में डूबने से मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम
सिमरी अंचल के तिलक राय हाता थाना क्षेत्र अंतर्गत केशोपुर गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की सारी खुशियां छीन लीं। मामा की शादी में शामिल होने आई 12 वर्षीय मासूम शिवानी कुमारी उर्फ दिपू गंगा नदी में डूब गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के गीत और हंसी-ठिठोली गूंज रही थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।


-- केशोपुर घाट पर शनिवार शाम की है घटना, ककन छुड़ाने की रस्म के दौरान गहरे पानी में समाई शिवानी, बुआ की शादी की तैयारियां भी थमीं
केटी न्यूज/सिमरी
सिमरी अंचल के तिलक राय हाता थाना क्षेत्र अंतर्गत केशोपुर गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की सारी खुशियां छीन लीं। मामा की शादी में शामिल होने आई 12 वर्षीय मासूम शिवानी कुमारी उर्फ दिपू गंगा नदी में डूब गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के गीत और हंसी-ठिठोली गूंज रही थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।जानकारी के अनुसार बड़का राजपुर गांव निवासी अशोक राम की पुत्री शिवानी अपने ननिहाल केशोपुर गांव स्थित राम इकबाल राम के घर आई हुई थी। बीते 8 मई को उसके मामा मुन्ना कुमार राम की शादी संपन्न हुई थी।शादी के बाद गांव में पारंपरिक रस्मों का दौर चल रहा था।

शनिवार की शाम करीब पांच बजे अनुसूचित जाति बस्ती स्थित शिव मंदिर के सामने गंगा घाट पर ककन छुड़ाने की रस्म निभाई जा रही थी। परिवार की महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान शिवानी भी अन्य बच्चों के साथ नदी में उतर गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान शिवानी अचानक गहरे पानी में चली गई। पहले तो लोगों को लगा कि वह मजाक कर रही है, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह पानी में लापता हो गई। यह दृश्य देखते ही घाट पर मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बदहवास होकर नदी किनारे दौड़ने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में छलांग लगाई और काफी देर तक खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही तिलक राय हाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार चरित्रवन घाट पर किया गया।ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में अभी एक और शादी समारोह बाकी था। शिवानी की बुआ की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और 12 मई को तिलक व विवाह का कार्यक्रम तय था, लेकिन इस हादसे के बाद पूरे परिवार की खुशियां पलभर में बिखर गईं। केशोपुर और बड़का राजपुर गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

