छत पर कपड़ा डालने जा रही महिला की करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत

छत पर कपड़ा डालने जा रही महिला की करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत

केटी न्यूज/आरा

गजराजगंज ओपी क्षेत्र के अख्तियारपुर बड़का गांव में बुधवार की सुबह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृत महिला अख्तियारपुर बड़का गांव निवासी विनोद यादव की 38 वर्षीया पत्नी इंदू देवी थी।

उनके बेटे धनलाल ने बताया कि बुधवार की सुबह वह स्नान करने के बाद कपड़े डालने छत पर जा रही थी। उसी दौरान घर में लगा बिजली का तार टूट कर उन पर गिर पड़ा और वह बुरी तरह झुलस गई। उसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया।

वहां डाक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर टाउन थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा है कि महिला को दो पुत्री और पुत्र है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है।