हाइवा और बारातियों से भरी बोलेरो की टक्कर में यूपी के दो लोगों की मौत

हाइवा और बारातियों से भरी बोलेरो की टक्कर में यूपी के दो लोगों की मौत

आरा-बक्सर हाइवे पर बिहिया थाना क्षेत्र के बेलौना-खरौनी पुल के समीप की बुधवार की घटना

केटी न्यूज/आरा

आरा-बक्सर फोरलेन पर बिहिया थाना क्षेत्र के बेलौना-खरौनी पुल के पास की बुधवार की सुबह बारातियों से लदी बोलेरो और हाइवा के बीच भीषण टक्कर हो गई। उसमें उत्तर प्रदेश निवासी दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। हालांकि बोलेरो पर सवार एक बच्चा बाल-बाल बच गया। हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बतायी जा रही है।

आरा से बारात कर यूपी लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। घायलों में तीन का इलाज आरा, जबकि तीन का बलिया में इलाज कराया जा रहा है। इधर, हादसे के बाद फोरलेन पर देर तक अफरातफरी मची रही। सूचना मिलने पर बिहिया थानाध्यक्ष राजेश मालाकार पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतकों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिला के हल्दी थाना क्षेत्र के हल्दी गांव निवासी नंद कुमार राम का 24 वर्षीय पुत्र वैभव कुमार और हरदेव सिंह के डेरा थाना क्षेत्र के शिवपुर दियर नंबरी कृपा राय के डेरा गांव निवासी स्व. राम परीखा राम के 42 वर्षीय पुत्र सभापति राम थे। सभापति राम किसान थे, जबकि वैभव कुमार राजस्थान के जयपुर की किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। घायलों में बलिया जिला के

दुबहर थाना क्षेत्र के ब्यासी गांव निवासी ओम प्रकाश, शत्रुघन, बक्सर के सिमरी थाना क्षेत्र के खरहाटांड़ गांव निवासी नंदजी पासवान और बलिया जिला के तीन अन्य लोग शामिल हैं। बोलेरो पर सवार उसी जिला के सत्य प्रकाश का पुत्र सिद्धार्थ देवराज बाल-बाल बच गया। इनमें ओम प्रकाश, शत्रुघन कुमार और नंदजी पासवान का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। 

बारात कर आरा से बलिया लौटने के दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ने मारी ठोकर 

वैभव कुमार के पिता नंद कुमार राम ने बताया कि मंगलवार की शाम गांव के बृज बिहारी राम के बेटे ओम प्रकाश की बारात भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी बिगन राम के घर आई थी। उसमें उनके बेटे वैभव सहित अन्य ग्रामीण और रिश्तेदार भी आए थे। बुधवार की सुबह बोलेरो पर सवार लोग वापस बलिया लौट रहे थे। उसी दौरान बिहिया चौरस्ता के समीप बेलौना-खरौनी पुल के पास सामने से आ रही हाइवा की बोलेरो में सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए बिहिया पीएचसी ले जाया गया। वहां डाक्टरों की ओर से उनके बेटे वैभव कुमार और सभापति राम को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर वे सभी लोग बिहिया पीएचसी पहुंचे। बाद में पुलिस भी पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

हादसे की सूचना पर यूपी से आरा तक मची रही अफरातफरी, दो घरों में मचा कोहराम

बारातियों से लदी बोलेरो की हाइवा से टक्कर और दो लोगों की मौत होने की सूचना से यूपी के बलिया से आरा तक अफरातफरी मची रही। बुधवार सुबह बारात लौटने का इंतजार कर रहे लोग हादसे की खबर मिलते ही भागे-भागे आरा पहुंचे। बारातियों के साथ लड़की पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इधर, दो लोगों की मौत से जहां उनके घरों में कोहराम मच गया, वहीं दोनों गांव का माहौल भी गमगीन हो

गया। शादी का माहौल भी गम में बदल गया। बताया जा रहा है कि वैभव कुमार अपने पांच भाइयों और एक बहन में बड़ा था। उसके परिवार में मां मानती देवी, भाई अंकित, सुजीत, सत्यम, प्रभास और बहन सुमन है। वहीं सभापति राम के परिवार में पत्नी उषा देवी, पुत्र अजय, विजय, कअभिमन्यु, पुत्री नीलम और किरण है।