पिता और भाई के साथ मिलकर पत्नी को पीटकर मार डाला, ससुर गिरफ्तार

पिता और भाई के साथ मिलकर पत्नी को पीटकर मार डाला, ससुर गिरफ्तार

शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव की शुक्रवार की रात की घटना

भाई बोला:पहले जबरन पिलाई शराब, फिर लाठी-डंडे से पीटा

केटी न्यूज/आरा

शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एक शख्स ने पिता, भाई और चाचा के साथ मिल अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसने परिजनों के साथ मिलकर पहले पत्नी को जबरन शराब पिलाई। उसके बाद लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। चाकू मारने का भी आरोप लगाया गया है।

मृतका बिलौटी गांव निवासी राजन डोम की 35 वर्षीया पत्नी सरली देवी थी। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत ने हत्या के आरोपित महिला के ससुर रंगीला डोम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।‌

महिला के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि तीन दिन पूर्व होली को लेकर ही उसकी बहन ससुराल गई थी। शुक्रवार की रात उसके पति राजन ने अपने पिता, भाई और चाचा के साथ मिल पहले उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। उसके बाद उसे चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।

धर्मेन्द्र ने अपनी बहन का उसके पति और ससुराल के लोगों से किसी विवाद से इनकार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के पति द्वारा परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या की गयी है। आरोपित ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पति राजन डोम सहित अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

बताया जाता है कि महिला अपने चार बहन और एक भाई में चौथे स्थान पर थी। उसको तीन पुत्री सोनी, राधा, नेहा और दो पुत्र सोनू व राजा है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।