बाइक सवारअपराधियों ने पूर्व मुखिया की स्कॉर्पियो पर फायरिंग हाथ में लगी गोली

बाइक सवारअपराधियों ने पूर्व मुखिया की स्कॉर्पियो पर फायरिंग हाथ में लगी गोली

जख्मी पूर्व मुखिया का प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा इलाज

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना के समीप गुरुवार की दोपहर अपराधियों ने स्कॉर्पियो सवार पूर्व मुखिया विनोद सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। पूर्व से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों की ओर से पूर्व मुखिया सह भाजपा नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी। हमलावरों द्वारा आधा दर्जन से राउंड फायरिंग किये जाने की बात कही जा रही है।

उसमें पूर्व मुखिया के बाये हाथ में दो गोलियां लग गयी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनका इलाज शहर के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। इधर, फायरिंग में पूर्व उनकी स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना के मूल में पूर्व से चल रहा जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है। जख्मी पूर्व मुखिया विनोद सिंह गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव के रहने वाले हैं। वह पूर्व में बगवां पंचायत के मुखिया रह चुके हैं।  उन्हें 2009 में पंचायत में बेहतर काम के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

उनकी पत्नी भी जिला परिषद की सदस्य भी रह चुकी है। गोली मारने का आरोप एकौना गांव निवासी निरंतर सिंह के पुत्र सहित दो-तीन अन्य लड़कों पर लगा है। इधर, पूर्व मुखिया को सरेराह गोली मारे जाने की घटना से सनसनी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में उनके समर्थक आनन-फानन में हॉस्पिटल पहुंच गए। पूर्व विधायक विजेंद्र यादव सहित अन्य वरीय नेता भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली।थानाध्यक्ष सुशांत कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की छानबीन की।

पूर्व मुखिया से घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं हमलावरों की पहचान लिये सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। घटनास्थल से कुछ खोखे भी बरामद किये गये हैं। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पूर्व के विवाद में गोली मारने की बात सामने आ रही है। घटना के स्पष्ट कारणों की जानकारी लेने के लिए गहराई से जांच की जा रही है। गोली मारने वाले पूर्व मुखिया के परिचित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पूर्व से चल रहा था जमीन का विवाद, एकौना गांव से लौटते समय किया गया हमला 

पूर्व मुखिया विनोद सिंह ने बताया कि आरोपितों से पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उस मामले में पूर्व मे उनके द्वारा उदवंतनगर थाने में केस भी किया गया था। उसी समय से उन आरोपितों द्वारा उन्हें टारगेट किया जा रहा था। गुरुवार की सुबह वह अपने पार्टनर मोहन सिंह से मिलने के लिए उदवंतनगर थाने के दक्षिण एकौना गांव गए थे।

दोपहर में उनसे मिलकर वह स्कॉर्पियो से गांव लौट रहे थे।  तभी दक्षिण एकौना गांव के समीप तीन की संख्या में पेड़ के पीछे पहले से  घात लगाए बैठे आरोपितों द्वारा उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। तब ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी, जिसमें उन्हें दो गोलियां लग गयी। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनकी गाड़ी पर भी तीन चार गोलियां लगी है। उससे उनकी गाड़ी पंचर हो गई। उसके बाद  आरोपित हवाई फायरिंग करते बाइक पर सवार होकर भाग निकले। उन्होंने निरंतर सिंह नामक व्यक्ति के बेटे सहित अन्य लोगों पर पूर्व के विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है।