बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़, हरपुर में भड़का गुस्सा
थाना क्षेत्र के हरपुर गाँव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। यह घटना सिर्फ एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे सामाजिक एकता और सम्मान पर सीधा प्रहार बताया जा रहा है।
__ जयंती के ठीक बाद हुई घटना, ग्रामीण बोले—यह सिर्फ तोड़फोड़ नहीं, सामाजिक सौहार्द पर हमला
केटी न्यूज/राजपुर
थाना क्षेत्र के हरपुर गाँव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। यह घटना सिर्फ एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे सामाजिक एकता और सम्मान पर सीधा प्रहार बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, गाँव में बाबा साहब की प्रतिमा हाल ही में 14 अप्रैल को उनकी जयंती के अवसर पर बड़े उत्साह के साथ स्थापित की गई थी। लेकिन गुरुवार की रात अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने प्रतिमा की अंगुली और चश्मे को तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी, तो पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है, जिसका मकसद समाज में तनाव पैदा करना है। मौके पर जुटे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की।सरपंच फुटुचंद सिंह ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह कृत्य केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं है, बल्कि यह समाज की शांति और भाईचारे को तोड़ने की कोशिश है। दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जानी चाहिए।”

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि स्थिति को देखते हुए गाँव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।फिलहाल गाँव में सतर्कता बढ़ा दी गई है, लेकिन लोगों में गुस्सा अब भी साफ देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

