दुकान पर बैठे युवक को गोली मारने में वांछित अपराध कर्मी हथियार के साथ गिरफ्तार

दुकान पर बैठे युवक को गोली मारने में वांछित अपराध कर्मी हथियार के साथ गिरफ्तार

चांदी थाना क्षेत्र के मठियापुर गांव से मंगलवार को पकड़ा गया आरोपित बदमाश 

पुलिस बोली: दशहरा के समय प्रेमिका के साथ घूमते देख युवक को मारी गयी थी गोली 

गोली मारने में इस्तेमाल देसी कट्टा और दो गोली बरामद, लूट के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है बदमाश 

केटी न्यूज/आरा

तुम अगर मुझको ना चाहो तो कोई बात नहीं, किसी और को चाहोगी तो मुश्किल होगी। मुकेश का गाये इस गीत की तर्ज पर भोजपुर में दिलजले प्रेमियों द्वारा अपनी प्रेयसी के आशिकों को गोली मारी जा रही है। दो दिन पूर्व चांदी थाना क्षेत्र के मठियापुर और संदेश प्रतापपुर के पास दो दिन पूर्व दुकान में बैठे युवक को भी इसी चक्कर में गोली मारी गई थी। पुलिस ने उस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से गोली मारने में इस्तेमाल देसी कट्टा और दो गोली भी बरामद की गयी है। गिरफ्तार बदमाश मठियापुर गांव निवासी अभिषेक सिंह है। मंगलवार की रात उसे मठियापुर से गिरफ्तार किया गया।

वह पूर्व में भी लूट कांड के मामले में जेल जा चुका है। कुछ दिनों पहले ही वह जेल से जमानत पर छुट कर बाहर आया था। उसने लड़की के चक्कर में युवक को गोली मारी थी। पुलिस की पूछताछ में उसने गोली मारने की बात भी स्वीकार भी कर ली है। सदर एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह की ओर से उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की गयी है। उन्होंने बताया कि सोमवार की दोपहर मठियापुर और प्रतापपुर के बीच एक युवक को गोली मार दी गई थी। जख्मी युवक संदेश थाने के प्रतापपुर गांव का रहने वाला था। गोली मारने में अभिषेक सिंह का नाम आया था।

उस आधार पर मंगलवार की रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा और दो गोली भी बरामद की गयी है। अभिषेक से पूछताछ में पता चला कि उसका एक लड़की से लव अफेयर चल रहा था। उसने दशहरा के समय प्रतापपुर गांव निवासी युवक उसकी प्रेमिका के साथ घूमते देखा था। उससे वह नाराज चल रहा था। उसी कारण उसने उस युवक को गोली मारी थी। बता दें कि सोमवार की दोपहर प्रतापपुर गांव निवासी अभिराज सिंह एक दुकान में बैठा था।

तभी उसे गोली मार दी गयी थी। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभिषेक सिंह पूर्व में लूट के मामले में जेल गया था। हाल में ही वह जमानत पर जेल से निकला था। उसके बाद उसने गोलीबारी की घटना को अंजाम दे डाला। बताते चलें कि मंगलवार की रात भी जिले के एक कुख्यात की लड़की के चक्कर और त्रिकोणीय प्रेम संबंध के कारण हत्या कर दी गई थी।