साइबर अपराध से बचाव के लिए जिले के 23 विद्यालयों में चलेगा 'साइबर मंगलवार' अभियान
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों, खासकर छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के चयनित विद्यालयों में "साइबर मंगलवार" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

केटी न्यूज/बक्सर
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों, खासकर छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के चयनित विद्यालयों में "साइबर मंगलवार" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने के खतरे, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान में सावधानी तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।जिला प्रशासन के निर्देश पर बक्सर जिले के सभी प्रखंडों के चयनित विद्यालयों में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। बक्सर प्रखंड में एमपी हाई स्कूल, एसपी विद्या मंदिर, एसएस गर्ल्स हाई स्कूल, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अहिरौली तथा एसपी हाई स्कूल पुलिया में कार्यक्रम होगा।

इटाढ़ी प्रखंड के हाई स्कूल इटाढ़ी एवं नव ज्योति हाई स्कूल कुकुढ़ा, चौसा के गंगा आदर्श हाई स्कूल डेहरी एवं आदर्श हाई स्कूल चौसा, राजपुर के हाई स्कूल राजपुर एवं जीएम हाई स्कूल नागपुर तथा डुमरांव के राज हाई स्कूल एवं सीपीएसएस हाई स्कूल में भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।इसके अलावा सिमरी के हाई स्कूल सिमरी एवं एएसएम हाई स्कूल बलिहार, चक्की के एमएसएसडी हाई स्कूल एवं गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, ब्रह्मपुर के अमीर प्लस टू हाई स्कूल बगेन एवं बीएन हाई स्कूल, नावानगर के हाई स्कूल नावानगर तथा हाई स्कूल सिकरौल (लख), चौगाई के प्लस टू हाई स्कूल चौगाई एवं हाई स्कूल मुरार तथा केसठ के हाई स्कूल रघुनाथपुर एवं हाई स्कूल केसठ में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, संदिग्ध कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों से कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

