सिमरी बाजार में भीषण जाम से दो घंटे थमा जनजीवन
सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरी बाजार में सोमवार की दोपहर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोपहर 2 बजे से शाम करीब चार बजे तक चली इस अव्यवस्था ने वाहन चालकों से लेकर आम यात्रियों और खासकर स्कूली बच्चों को काफी परेशान किया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई यात्री बसों और अन्य वाहनों से उतरकर अपने छोटे-छोटे बच्चों को कंधे पर उठाए पैदल ही जाम पार करने को मजबूर हो गए।

केटी न्यूज/सिमरी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में जिला प्रशासन के निर्देश पर बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया गया था, ताकि यातायात सुचारू रह सके। बावजूद इसके, सिमरी बाजार में जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। दुकानों के सामने अनियमित पार्किंग, सड़क पर पड़ने वाली भीड़ व गाड़ियों की धीमी रफ्तार ने दोपहर के व्यस्त समय में स्थिति को और बदतर बना दिया।
लगभग 3 बजे सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम से निजात दिलाने के लिए वाहनों को आगे-पीछे कर रास्ता खाली कराने में जुट गई। पुलिस के सायरन और हूटर बजाने के बाद भी जाम में फंसे वाहन लंबे समय तक हिल नहीं पाए।स्थानीय नागरिकों ने बाजार में नियमित ट्रैफिक प्रबंधन, अवैध पार्किंग पर रोक और वैकल्पिक मार्ग के निर्माण की मांग की है, ताकि रोज-रोज होने वाली इस समस्या से राहत मिल सके।