पूर्व के झगड़े के विवाद में बदमाशों ने हिन्दू जागरण के नेता को मारी गोली

पूर्व के झगड़े के विवाद में बदमाशों ने हिन्दू जागरण के नेता को मारी गोली

जख्मी का सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज, मामले की जांच में जुटी पुलिस 

केटी न्यूज/आरा

नवादा थाना और गजराजगंज ओपी क्षेत्र के सीमावर्ती बैजू नगर गांव में बुधवार की रात पूर्व में झगड़े के विवाद में बदमाशों ने हिन्दू जागरण मंच के एक नेता को गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी है, जो आरपार हो गई है। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उनका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

जख्मी नवादा थाना क्षेत्र के न्यू पुलिस लाइन कश्यप नगर मोहल्ला निवासी राम प्रवेश पांडेय का 24 वर्षीय पुत्र पवन सत्यार्थी हैं। वह हिंदू जागरण मंच के जिला प्रमुख बताये जा रहे हैं। आरा के चंदवा मोड पर उनकी चाय की दुकान भी है। सूचना मिलने पर गजराजगंज ओपी इंचार्ज हरि प्रसाद शर्मा और नवादा थानाध्यक्ष कमल जीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

पवन सत्यार्थी ने बताया कि रामनवमी के समय एक पार्टी के जिला उपाध्यक्ष से मामूली विवाद हुआ था। उसके अलावा दुकान का एक रेगुलर ग्राहक द्वारा उनके स्टाफ को भी मारने-पीटने को लेकर धमकाया भी गया था। उन्होंने इसका विरोध किया था, तो उसे गोली मारने की धमकी दी गई थी।

उसने बताया कि उसका एक दोस्त पीरो में रहता है। वह उसकी शादी में जाने के बैजू नगर अपने दोस्त के छोटे भाई से मिलने गये थे।‌ वहां से दोस्तों के साथ वापस लौट रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उससे हाथापाई की। इसके बाद एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी।

उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उसके बाद साथ रहे साथियों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पवन सत्यार्थी ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व उक्त दोनों लोगों से विवाद हुआ था। उसी विवाद में उन लोगों द्वारा मुझे गोली मारने की धमकी दी गई थी। हालांकि कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है।‌ पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।