आठ साल बाद खुला बनारपुर पैक्स का रास्ता, 48.28 फीसदी मतदान
लंबे इंतजार के बाद बनारपुर पैक्स का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। करीब आठ वर्षों के अंतराल के बाद हुए चुनाव को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी रही। हालांकि, दोपहर बाद भीड़ कम होती गई।


__ 698 में 337 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, सुबह से केंद्र पर रही भीड़; शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न
केटी न्यूज/चौसा
लंबे इंतजार के बाद बनारपुर पैक्स का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। करीब आठ वर्षों के अंतराल के बाद हुए चुनाव को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी रही। हालांकि, दोपहर बाद भीड़ कम होती गई। कुल 698 मतदाताओं में 337 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 221 पुरुष और 116 महिलाएं शामिल रहीं। इस तरह कुल 48.28 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मतदान केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अधिकारियों की लगातार निगरानी बनी रही। एसडीओ अविनाश कुमार, बीडीओ मनोज पासवान, सीओ विजय प्रकाश और मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के साथ सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी ली। पूरे दिन कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।बताया गया कि मतदान शुरू होने के बाद पहले कुछ घंटों में मतदाताओं की अच्छी भागीदारी रही। दोपहर 12 बजे तक करीब 30 फीसदी मतदान हो चुका था। इसके बाद मतदान की गति धीमी हुई और शाम तक 337 मतदाताओं ने वोट डाला।प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, बनारपुर पैक्स में करीब आठ साल बाद चुनाव हुआ है। वर्ष 2018 में पैक्स अध्यक्ष की मृत्यु के बाद उपचुनाव कराया गया था। इसके बाद अध्यक्ष और सदस्यों के बीच समन्वय के अभाव में समिति का संचालन प्रभावित रहा। वर्ष 2024 में निर्धारित मानक पूरा नहीं होने के कारण चुनाव स्थगित हो गया था। लंबे इंतजार के बाद अब चुनाव संपन्न होने से पैक्स के नियमित संचालन और किसानों को सहकारिता संबंधी सेवाएं सुचारु रूप से मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

