पुलिस का शिकंजा: हथियार के साथ पकड़ा गया कोढ़ा गैंग का बदमाश
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान के दौरान कुख्यात कोढ़ा गैंग के एक सक्रिय सदस्य को लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
__ बैंक ग्राहकों और राहगीरों को निशाना बनाने की थी तैयारी, फरार साथी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान के दौरान कुख्यात कोढ़ा गैंग के एक सक्रिय सदस्य को लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराबगंज गांव निवासी कारू कुमार यादव, पिता महेश यादव, के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि वह उस गैंग से जुड़ा है, जो बिहार समेत कई जिलों में चैन स्नैचिंग, बैंक ग्राहकों से लूट और झपटमारी जैसी घटनाओं के लिए बदनाम है।जानकारी के मुताबिक, नया भोजपुर के प्रभारी थाना प्रभारी सुमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी।

इसी दौरान सूचना मिली कि महाराजा कोठी के समीप पीसीसी सड़क के उत्तरी मोड़ पर बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध युवक खड़े हैं और किसी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।पुलिस को देखते ही दोनों युवकों में अफरा-तफरी मच गई। एक युवक बाइक लेकर तेजी से भाग निकला, जबकि दूसरे को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि दोनों आरोपी इलाके में बैंक से पैसे निकालकर लौटने वाले लोगों या अकेले राहगीरों को निशाना बनाने पहुंचे थे। कोढ़ा गैंग की कार्यशैली भी इसी तरह की रही है। गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते हैं, फिर आसान शिकार की पहचान कर झपट्टा मारकर नकदी, गहने या अन्य सामान लेकर फरार हो जाते हैं।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी चल रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के और कितने सदस्य क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा इनके नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा है।पुलिस की इस कार्रवाई से डुमरांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

