160 लीटर देशी शराब बरामदगी मामले में दो फरार आरोपी दबोचे गए
नया भोजपुर थाना पुलिस ने देशी शराब तस्करी के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।

केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना पुलिस ने देशी शराब तस्करी के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुराना भोजपुर निवासी रितेश कुमार, पिता किशुन चौधरी तथा विशाल चौधरी, पिता गुड्डू चौधरी के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध नया भोजपुर थाना में दर्ज शराब तस्करी के मामले में लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कई महीनों से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

जानकारी के अनुसार गत 4 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिलों के माध्यम से विभिन्न गांवों में देशी शराब की खेप पहुंचाने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद तत्कालीन छापेमारी दल का गठन किया गया और पुराना भोजपुर स्थित पोल फैक्ट्री के समीप घेराबंदी की गई। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।पुलिस द्वारा की गई तलाशी में तीनों मोटरसाइकिलों से करीब 160 लीटर देशी शराब बरामद की गई थी। बरामद शराब और जब्त वाहनों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तकनीकी जांच शुरू की।

अनुसंधान के दौरान छह लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद सभी को नामजद अभियुक्त बनाया गया।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की जा रही छापेमारी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है और फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

